कृषि मंत्री जोशी समेत 6 विधायक 25 जुलाई से जाएंगे रोम, फ्रांस, इटली, स्विट्जरलैंड के दौरे पर, सीखेंगे जैविक खेती के गुर !!

कृषि मंत्री गणेश जोशी आगामी 25 जुलाई को यूरोपीय देशों के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान उनके साथ 6 विधायक और अधिकारियों का दल भी जाएगा। खास बात ये है कि इन विधायकों में कांग्रेस के दो विधायक भी शामिल हैं, जो यूरोपीय देशों में जैविक खेती के गुर सीखेंगे।

कृषि मंत्री गणेश जोशी के साथ सत्ता और विपक्ष के 6 विधायकों और अधिकारियों का दल आगामी 25 जुलाई से रोम, फ्रांस, इटली, स्विट्जरलैंड समेत अन्य देशों के दौरे पर जा रहा है। इस दल में कृषि मंत्री गणेश जोशी के साथ सत्ताधारी दल के चार विधायक राम सिंह कैड़ा, सुरेश गड़िया, प्रदीप बत्रा और रेनू बिष्ट शामिल हैं। इसके अलावा दो विधायक कांग्रेस के भी हैं, जिनमें मनोज तिवारी व हरीश धामी शामिल हैं, जो उनके साथ विदेश दौरे पर जाएंगे। साथ में उनके साथ अधिकारियों का दल भी होगा।

विदेश दौरे के बारे में पूछे जाने पर गणेश जोशी ने बताया कि यूरोपीय देशों के कृषि में इस्तेमाल होने वाली टेक्नोलॉजी की गहन जानकारी ली जाएगी। जिसे यहां प्रयोग किया जाएगा। इससे प्रदेश की इकोनॉमी को मजबूत करने में मदद मिलेगी। साथ ही यह उत्तराखंड में रोजगार के नए दरवाजे खोलने में कारगर साबित होगा।