राष्ट्रपति पुलिस कलर के सम्मान में उत्तराखंड पुलिसकर्मियों को सरकार द्वारा ही मिलेंगे विशेष प्रतीक चिह्न, मुख्यमंत्री धामी ने विशेष अनुदान देने का लिया निर्णय !!

राष्ट्रपति पुलिस कलर के सम्मान में उत्तराखंड पुलिसकर्मियों को मिलेंगे विशेष प्रतीक चिह्न, मुख्यमंत्री धामी ने विशेष अनुदान देने का लिया निर्णय
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित किए जाने के ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। आगामी 6 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के समस्त पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति पुलिस कलर से जुड़े विशेष प्रतीक चिह्न उपलब्ध कराने के लिए विशेष अनुदान देने का निर्णय लिया है।
इसके तहत पुलिसकर्मियों को वर्दी पर लगाए जाने वाले इंसिग्निया (प्रतीक चिह्न), बाजू पर लगाने वाला लोगो, टोपी का मोनोग्राम, बेल्ट का बकल सहित अन्य निर्धारित प्रतीक चिह्न उपलब्ध कराए जाएंगे। इन सभी सामग्रियों को पुलिस कैंटीन के माध्यम से वितरित किया जाएगा, ताकि प्रदेश के प्रत्येक पुलिसकर्मी को इस ऐतिहासिक सम्मान से जुड़ने का अवसर मिल सके।

खास बात यह है कि इन सभी प्रतीक चिह्नों का खर्च राज्य सरकार स्वयं एकमुश्त (One Time) वहन करेगी। मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर सरकार विशेष अनुदान जारी करेगी और पुलिसकर्मियों को ये सभी सामग्री एक बार निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। यानी किसी भी पुलिसकर्मी को इसके लिए अपनी जेब से पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा। यह खर्च राज्य सरकार द्वारा केवल एक बार उठाया जाएगा।