जनपद देहरादून में गंगा, यमुना व टोंस नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब जा पंहुँचा !!

उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ व मॉनसून के कारण लगातार हो रही तेज बारिश से गंगा, यमुना व टोंस नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को सुबह 9 बजे ऋषिकेश में गंगा नदी 338.00 मीटर पर बह रही है, जो खतरे के निशान से महज 2 मीटर नीचे बह रही है।

वंही देहरादून में टोंस व यमुना नदी खतरे के निशान को छूते हुए बह रही है। लगातार हो रही बारिश के चलते टोंस और यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। बरसात में दोनों नदी के उफनने पर स्थानीय प्रशासन अलर्ट हो गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, टोंस नदी के इच्छाड़ी बांध का जल स्तर 644.65 मीटर के पार हो गया, जबकि नदी के जल स्तर खतरे का निशान 644.75 मीटर है।

इसी तरह यमुना नदी के डाकपत्थर में पानी का लेबल 455.37 मीटर पर पहुंच गया, यहां खतरे का निशान 455.37 मीटर है।

दोनों नदी का जल स्तर एकाएक बढ़ने से सिचाई खंड, स्थानीय प्रशासन व आपदा मोचन प्रबंधन विभाग अलर्ट हो गए है। जिम्मेदार अधिकारी मामले में बराबर नजर बनाए हुए हैं।

वंही स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि तेज बारिश से टोंस-यमुना का जल स्तर खतरे के निशान तक पहुंचने से नदी किनारे आसपास और निचले इलाके में बसे नागरिकों की मुश्किलें बढ़ जाएगी। नदियों के उफान पर होने से पानी के तेज बहाव की डरावनी आवाज सुनकर ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है।