उत्तरकाशी बस हादसे में अब तक 26 यात्रियों की मृत्यु, उत्तराखंड व मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री आज जाएंगे घटनास्थल पर !!

यमुनोत्री के दर्शन के लिए जा रहे थे मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं की बस खाई में गिरी, 26 यात्रियों की मौत !!

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज सुबह 8 बजे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बस दुर्घटना स्थल डामटा उत्तरकाशी जाएंगे !!

यमुनोत्री हाईवे पर डामटा के पास रविवार शाम एक बस के गहरी खाई में गिर जाने से 26 श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को डामटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रथमदृष्टया हादसे का कारण ओवरस्पीड बताया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को मध्य प्रदेश के ग्राम जखला, जिला पन्ना निवासी श्रद्धालुओं को लेकर एक बस (यूके 04 पीए 1541) हरिद्वार से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। शाम करीब पौने सात बजे यह बस डामटा के पास रिखाऊखड्ड के पास 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

उक्त घटना की सूचना लगते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को एक-एक लाख व घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। राज्यपाल गुरमीत सिंह और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने भी हादसे पर शोक जताया।