मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने सुदूर और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा निर्णय लिया है। शासन द्वारा जारी आदेश के तहत प्रदेश के 23 माध्यमिक हाईस्कूलों को इंटर कॉलेज और 1 जूनियर हाईस्कूल को माध्यमिक हाईस्कूल में उच्चीकृत किया गया है।
दुरुवत पर्वतीय क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को सिद्ध करते हुए धामी सरकार ने इन विद्यालयों के लिए 218 नए पदों के सृजन को भी तत्काल हरी झंडी दे दी है। इसमें 19 प्रधानाचार्य, 190 प्रवक्ता, 1 प्रधानाध्यापक और 8 सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) के पद शामिल हैं।
मुख्यमंत्री धामी के इस जनहितैषी फैसले से ग्रामीण व पर्वतीय क्षेत्रों के बच्चों, खासकर बालिकाओं को 12वीं तक की पढ़ाई के लिए दूर नहीं भटकना पड़ेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर पलायन रोकने में भी बड़ी मदद मिलेगी।





