उत्तराखंड में नए वेरियंट जे.एन-1 का पहला केस देहरादून से आया सामने !!

प्रदेश में कोरोना के नए वेरियंट जेएन.1 का पहला केस मिला है। दून अस्पताल में पांच दिन तक भर्ती रही 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जीनोम सिक्वेंसिंग की जांच में पुष्टि हुई है। महिला चार जनवरी को डिस्चार्ज हो गई थी। जीनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट दून मेडिकल कॉलेज से आई। आईडीएसपी के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने इसकी पुष्टि की है। अब महिला रिकवर हो चुकी है।

अमेरिका से आए थे दामाद बुजुर्ग के दामाद अमेरिका से घर पर आए थे। उनके जाने के बाद महिला की तबीयत खराब हुई और उनको दून अस्पताल में भर्ती कराना पड़ गया था।

मरीज बिल्कुल स्वस्थ, आसपास कोई बीमार नहीं जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीएस रावत ने बताया कि टीम ने महिला के घर और आसपास का सर्वे किया। महिला बिल्कुल स्वस्थ है और आसपास भी कोई बीमार नहीं है। नया वेरियंट जेएन.1 ओमीक्रोन का ही सब वेरियंट है। इससे लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। दून में गुरुवार को 49 लोगों की कोविड जांच कराई गई, जिनमें से कोई पॉजिटिव नहीं मिला।