उत्तराखंड की नौकरशाही के लिए आगामी एक वर्ष बड़े बदलावों का गवाह बनने जा रहा है। शासन और पुलिस मुख्यालय में सेवानिवृत्ति व पदोन्नति का व्यापक दौर शुरू होगा, जिससे ब्यूरोक्रेसी के कई पावर सेंटर बदल जाएंगे। मुख्य सचिव से लेकर सचिव, डीजी और डीआईजी स्तर तक कई वरिष्ठ अधिकारी सेवा से विदा होंगे, जबकि अनेक आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को उच्च पदों पर जिम्मेदारी संभालने का अवसर मिलेगा। वर्ष 2027 की शुरुआत में होने वाली पदोन्नतियों के बाद शासन और पुलिस महकमे में नई नेतृत्व टीम सामने आएगी, जिसका असर प्रशासनिक निर्णयों और कार्यप्रणाली पर भी देखने को मिलेगा।
पहले बात करें IAS अधिकारियों की तो मुख्य सचिव आनंद वर्धन जून 2027 में सेवानिवृत्त होंगे। इसी क्रम में सचिव स्तर के अधिकारी विनय शंकर पांडेय और सुरेश नारायण पांडेय भी जून 2027 में सेवा से विदा लेंगे। इनसे पहले सचिव स्तर के अधिकारी उमेश नारायण पांडेय फरवरी 2027 में सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
वहीं, वर्ष 2027 की शुरुआत कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के लिए पदोन्नति लेकर आएगी। चार माह बाद यानी 1 जनवरी 2027 को 30 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले 1997 बैच के रमेश कुमार सुधांशु और एल. फेनयी अपर मुख्य सचिव (ACS) रैंक पर पदोन्नत होंगे। वहीं, 25 वर्ष की सेवा पूरी करने पर 2002 बैच के नितेश झा, राधिका झा (प्रोफार्मा पदोन्नति), शैलेश बगौली और सेंथिल पांडियन (प्रोफार्मा पदोन्नति) प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नत होंगे।
इसके अलावा 2011 बैच के चार आईएएस अधिकारी सचिव स्तर पर पदोन्नत होंगे। इनमें आशीष कुमार श्रीवास्तव (प्रोफार्मा पदोन्नति), नितिन भदौरिया, ललित मोहन रयाल और हाल ही में निलंबन से बहाल हुए कर्मेंद्र सिंह शामिल हैं। इनमें से दो अधिकारी वर्तमान में जिलाधिकारी के रूप में जनपदों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
IPS अधिकारियों की बात करें तो अगले नौ माह में डीजी रैंक के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. वी. के. प्रसाद सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसके बाद जुलाई 2027 में एसपी हरीश वर्मा, अक्टूबर 2027 में डीआईजी मुकेश कुमार और नवंबर 2027 में आईजी योगेंद्र सिंह रावत भी सेवा से सेवानिवृत्त होंगे।
पदोन्नति की बात करें तो वर्ष 2027 की शुरुआत आईपीएस अधिकारियों के लिए भी महत्वपूर्ण रहेगी। चार माह बाद यानी 1 जनवरी 2027 को 30 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले 1997 बैच के अमित सिन्हा, वी. मुरुगेशन और संजय गुंजियाल (प्रोफार्मा पदोन्नति) डीजी DG रैंक पर पदोन्नत होंगे, लेकिन इन सभी के लिए एक्स कैडर पोस्ट सृजित करनी पढ़ेगी। हालांकि, इस चयन वर्ष में कोई भी आईपीएस अधिकारी ADG या IG रैंक पर पदोन्नति की निर्धारित अहर्ता पूरी नहीं कर रहा है।
वहीं, 1 जनवरी 2027 को 2013 बैच की तृप्ति भट्ट और रामचंद्र राजगुरु डीआईजी पद पर पदोन्नत होंगे। इसके साथ ही 2014 बैच के मंजूनाथ टी. सी., अजय सिंह और पंकज भट्ट सीनियर स्केल में पदोन्नत होकर अशोक स्तंभ के साथ दो सितारे धारण करने के अधिकारी बन जाएंगे।

Editor

