देहरादून में खनन माफियाओं के बुलंद होते हौसले, अब चेक पोस्ट से अवैध खनन के वाहन छुड़ा ले गए दबंग !!

वन विभाग के चेक पोस्ट पर अवैध खनन में पकड़े गए दो वाहनों को छुड़ा ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना रायपुर के भोपालपानी की है।

उपनल से वन विभाग में तैनात गेट कीपर अरविंद कुमार और बिजेंद्र मनवाल तीन अगस्त की रात भोपालपानी वन चेक पोस्ट पर ड्यूटी कर रहे थे। आधी रात में उन्होंने चेकपोस्ट पर बजरी से लदे दो पिकअप वाहन रोके। जो लदी खनन सामग्री के कागजात नहीं दिखा पाए। साथ ही पिकअप वाहनों में नंबर प्लेट भी सही नहीं लगी थी। आरोप है कि वाहनों को रोकने पर दो बाइक पर सवार विशाल पुत्र सुशील वर्मा, शानू पुत्र सुशील वर्मा और सूरज पुत्र राजेश कुमार निवासी सोडा सरौली वहां पहुंचे। गाली-गलौच करते हुए पिकअप छुड़ा कर ले गए। आरोप है कि तीनों एक घंटे बाद फिर वापस आए। वन कर्मियों को कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

सीनियर अफसरों के निर्देश पर रविवार को रायपुर थाने में लिखित तहरीर दी गई। थानाध्यक्ष मनमोहन नेगी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ अवैध खनन सामग्री निकाल ले जाने समेत अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।