IRB-3 की स्थापना को लेकर धामी सरकार की तैयारी तेज, करीब 1000 नए रोजगार के अवसर खुलने की उम्मीद, यह पद होंगे सृजित !!

उत्तराखंड में इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) की तीसरी बटालियन यानी IRB-3 की स्थापना को लेकर धामी सरकार ने कवायद तेज कर दी है। शासन स्तर पर एक ओर जहां IRB-3 के लिए जमीन तलाशने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर बटालियन के लिए सीधी भर्ती के करीब 1007 पद सृजित करने की तैयारी भी शुरू हो गई है।

IRB-3 के स्थायी परिसर के निर्माण और स्थापना तक इसे फिलहाल IRB-1 और IRB-2 के परिसरों में संचालित किए जाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। इससे नई बटालियन के गठन की प्रक्रिया को स्थायी परिसर तैयार होने तक आगे बढ़ाया जा सकेगा।

करीब 1000 युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के रास्ते

IRB-3 का गठन उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तावित सीधी भर्ती के करीब 1007 पदों में बड़ी संख्या कांस्टेबल स्तर के पदों की है। मौजूदा कवायद के तहत करीब 675 कांस्टेबल और 23 प्लाटून कमांडर (सब इंस्पेक्टर स्तर) समेत अन्य पदों को शामिल किए जाने की तैयारी है।

इसका सीधा लाभ राज्य के युवाओं को मिलेगा और पुलिस बल में नई भर्ती के अवसर बढ़ेंगे। खास बात यह है कि IRB की व्यवस्था में वेतन व्यय का बड़ा हिस्सा केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाता है। ऐसे में राज्य पर वित्तीय भार अपेक्षाकृत कम रहते हुए युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर तैयार हो सकते हैं।

पहले सीधी भर्ती, पदोन्नति के पदों पर बाद में फैसला

शासन स्तर पर फिलहाल नए और सीधी भर्ती वाले पदों के सृजन पर विशेष फोकस किया जा रहा है। वहीं हेड कांस्टेबल, एएसआई, पदोन्नति कोटे के एसआई, दलनायक और उपाधीक्षक जैसे पदों के संबंध में निर्णय IRB-3 के औपचारिक गठन के बाद लिया जा सकता है।

यानी सरकार की प्राथमिकता फिलहाल नई बटालियन के गठन के साथ अधिक से अधिक नए रोजगार के अवसर तैयार करने पर दिखाई दे रही है। IRB-3 के लिए जमीन, पद सृजन और अंतरिम व्यवस्था पर आगे होने वाले फैसलों के बाद गठन की प्रक्रिया को और गति मिलने की उम्मीद है।