सीएम हेल्पलाइन 1905 की शिकायत पर खुद मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री, वीडियो कॉल से अधिकारियों को दिखाई हकीकत !!

सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अलग अंदाज अपनाया। फाइलों में निपटारे के बजाय मुख्यमंत्री खुद मौके पर पहुंच गए और जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान कार्य में लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

दरअसल, जाखन निवासी विवेक मदान ने राजपुर रोड क्षेत्र में विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड किए जाने के दौरान फुटपाथ क्षतिग्रस्त होने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पहले बनाए गए फुटपाथ को यूपीसीएल द्वारा खुदाई कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया, लेकिन बाद में सही तरीके से भरान नहीं होने के कारण टाइल्स बैठ गई हैं। इससे राहगीरों को परेशानी हो रही है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री को सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करनी थी, लेकिन उन्होंने बैठक से पहले ही जाखन पहुंचकर शिकायत की पड़ताल की। मौके पर पहुंचकर उन्होंने शिकायतकर्ता को साथ लिया और अपने मोबाइल फोन के जरिए अधिकारियों को वीडियो कॉल पर फुटपाथ की वास्तविक स्थिति दिखाई।

मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अंडरग्राउंड लाइन होने के बावजूद कई स्थानों पर बिजली के तार ऊपर दिखाई दे रहे हैं, जो खतरे का कारण बन सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें, ताकि बार-बार काम करने की नौबत न आए और सरकारी धन की बर्बादी भी रोकी जा सके।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रदेश में जहां-जहां इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए और इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी दौरों में वे इसी तरह औचक निरीक्षण करते रहेंगे।