शासन स्तर पर हो सकते हैं कुछ सूक्ष्म प्रशासनिक बदलाव, कई अहम पदों पर नई तैनाती की चर्चा !!

उत्तराखंड शासन स्तर पर जल्द कुछ सीमित लेकिन महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल सकते हैं। इसकी मुख्य वजह हाल ही में हुए स्थानांतरण, प्रतिनियुक्ति से वापसी और कुछ महत्वपूर्ण पदों का रिक्त होना माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटीं सचिव स्तर की आईएएस अधिकारी ज्योति यादव को जल्द नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। वहीं, आईएएस संविन बंसल और वंदना सिंह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीव हो चुके हैं। ऐसे में उनके पास रहे विभिन्न विभागों के प्रभार भी अन्य अधिकारियों को दिए जाने हैं। इनमें महानिदेशक कृषि एवं उद्यान का पद सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके अलावा, कार्मिक विभाग ने अभी तक अपर सचिव लक्ष्मण सिंह के सेवानिवृत्त होने के बाद राज्य संपत्ति अधिकारी तथा अपर सचिव (खनन) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर किसी अधिकारी की तैनाती नहीं की है।

शासन के गलियारों में यह चर्चा भी है कि एक बड़े जनपद के वर्तमान मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को उनके मौजूदा पदभार से मुक्त कर किसी अहम विभाग में एमडी, सीईओ या पीडी की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि विभाग में एक और आईएएस अधिकारी की तैनाती की जा सकती है। वर्तमान में सचिव आपदा विनोद सुमन के पास सचिव पद के साथ-साथ विभाग से जुड़े कई निदेशक एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रभार भी हैं, जबकि पहले इनमें से कुछ जिम्मेदारियां अन्य आईएएस अधिकारियों के पास थीं।

सूत्रों का यह भी कहना है कि विभिन्न विभागों में निदेशक पदों पर तैनात कुछ आईएएस अधिकारी भी संभावित प्रशासनिक बदलाव की जद में आ सकते हैं।