मुख्यमंत्री धामी की पहल: वाइब्रेंट विलेज में लगेंगे थाना दिवस और रात्रि चौपाल, पुलिस करेगी ग्रामीणों से सीधा संवाद !!

सीमांत क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के वाइब्रेंट विलेज में ‘थाना दिवस’ एवं ‘रात्रि चौपाल’ कार्यक्रम संचालित किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान कर दिया है।

इस निर्णय के तहत चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चम्पावत और ऊधमसिंहनगर जनपदों में स्थित प्रत्येक वाइब्रेंट विलेज में पुलिस विभाग नियमित रूप से थाना दिवस और रात्रि चौपाल का आयोजन करेगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस अधिकारी सीधे ग्रामीणों से संवाद स्थापित करेंगे और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास करेंगे।

कार्यक्रमों के दौरान कानून एवं सुरक्षा संबंधी शिकायतों, दस्तावेजों के सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता, महिला एवं वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा सहित पुलिस विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर लोगों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही ग्रामीणों की शिकायतों एवं सुझावों को भी प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा।

सरकार का मानना है कि सीमांत क्षेत्रों में इस तरह के संवाद कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ेगा, शिकायतों के त्वरित निस्तारण में मदद मिलेगी तथा साइबर अपराधों सहित विभिन्न अपराधों की रोकथाम के प्रति लोगों में जागरूकता आएगी। इसके अलावा दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को पुलिस सेवाओं के लिए बार-बार जिला या तहसील मुख्यालय के चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे।