हाल ही में जारी हुई PCS तबादला सूची में हो सकता है एक बदलाव, यह है वजह !!

उत्तराखंड में हाल ही में जारी हुई PCS तबादला सूची में एक संशोधन होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, एक अधिकारी की तैनाती से जुड़ी प्रक्रिया पूरी न होने के कारण यह बदलाव किया जा सकता है। मामला शासन के संज्ञान में आने के बाद अब संबंधित प्रक्रिया को पूरा करने के लिए नई पत्रावली शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि कार्मिक विभाग ने कुछ दिन पहले जारी सूची में PCS अधिकारी प्रकाश चंद्र दुमका को संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि, चुनाव से जुड़े पदों जैसे CEO, ACEO और संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी पर नियुक्ति सीधे राज्य सरकार द्वारा नहीं की जाती।

इन पदों के लिए तीन अधिकारियों का पैनल भारत निर्वाचन आयोग (ECI) को भेजा जाता है, जहां से एक नाम का चयन कर राज्य को वापस भेजा जाता है। इसके बाद ही राज्य सरकार औपचारिक आदेश जारी करती है। ऐसे में प्रक्रिया पूरी न होने के चलते अब इस आदेश में बदलाव संभव माना जा रहा है।

जानकारों का कहना है कि जैसे-जैसे राज्य में SIR (Special Intensive Revision) की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ती है, वैसे-वैसे इन पदों पर तैनात अधिकारियों से अतिरिक्त जिम्मेदारियां ECI के निर्देश पर हटा दी जाती हैं। यही वजह है कि इन संवेदनशील और अस्थायी अतिरिक्त दायित्व वाले पदों पर जाने से कई अधिकारी कतराते हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब संशोधित आदेश जारी होने की संभावना है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।