उधमसिंहनगर में STF की सर्जिकल स्ट्राइक: 16 अवैध शस्त्र, 358 कारतूस और फर्जी लाइसेंस बरामद, जिला प्रशासन व स्थानीय पुलिस को भनक तक नहीं !!

उत्तराखंड STF ने उधमसिंहनगर में अवैध हथियारों के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। अब तक की कार्रवाई में 16 अवैध शस्त्र, 358 कारतूस और कई फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं, जबकि इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों के अनुसार STF लंबे समय से इस नेटवर्क पर नजर बनाए हुए थी और गुप्त जांच के बाद एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान हथियारों के साथ ऐसे दस्तावेज भी मिले हैं जिनकी जांच में फर्जीवाड़े की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि इन अवैध हथियारों की जानकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन को तक नहीं थी। STF ने स्वतंत्र रूप से अभियान चलाकर नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंच बनाई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फर्जी दस्तावेजों और कथित रूप से संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के जरिए अवैध हथियारों का संचालन किया जा रहा था। STF अब इस नेटवर्क के अन्य जिलों और राज्यों से संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे और गिरफ्तारियां व बरामदगी होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।