राज्य में सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली इकाइयों में वर्दी को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) और प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के अधिकांश कर्मचारी निर्धारित नियमों के विपरीत वर्दी धारण करते पाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, ये कर्मचारी ‘उत्तराखंड विशेष पुलिस’ का बैज लगाने के बजाय ‘उत्तराखंड पुलिस’ का बैज उपयोग कर रहे हैं, जिससे पहचान और अनुशासन दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, वर्दी संबंधी स्पष्ट दिशा-निर्देश होने के बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारी नियमों का पालन नहीं कर रहे। खास बात यह है कि इनमें से अधिकतर कर्मचारी वे हैं, जो अपनी मूल बटालियन से इतर अन्य स्थानों पर तैनात हैं। ऐसे में वर्दी की सही पहचान और यूनिट का अंतर समझना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।

वर्दी नियमावली के अनुसार, IRB और PAC की अलग पहचान सुनिश्चित करने के लिए ‘उत्तराखंड विशेष पुलिस’ का बैज और निर्धारित रंग के रिबन अनिवार्य हैं। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर इसका पालन नहीं हो रहा है। इससे न केवल विभागीय अनुशासन प्रभावित हो रहा है, बल्कि आम जनता के बीच भी भ्रम की स्थिति बन रही है।

Editor

