लैंड फ्रॉड और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों को लेकर आईजी गढ़वाल ने सख्त रुख अपनाया है। ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जाएगा, जिनमें एक से अधिक जनपदों के लोग प्रभावित हुए हों अथवा एक ही जनपद में विभिन्न मामलों में बड़ी संख्या में आमजन के साथ धोखाधड़ी कर भारी मात्रा में अवैध धन अर्जित किया गया हो।
आईजी गढ़वाल की ओर से संबंधित अधिकारियों को ऐसे प्रकरणों में नियमानुसार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मामलों में अवैध रूप से अर्जित धन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े तथ्य सामने आने पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) को उचित माध्यम द्वारा नियमानुसार आवश्यक सूचना एवं पत्राचार भेजा जाएगा।
बड़े फ्रॉड मामलों की होगी प्राथमिकता से पहचान
आईजी गढ़वाल की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ऐसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिनका प्रभाव एक जिले तक सीमित नहीं है या जिनमें बड़ी संख्या में लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है। भारी मात्रा में धन की धोखाधड़ी और उसके अवैध अर्जन से जुड़े मामलों में संबंधित वित्तीय पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा जाएगा।
पुलिस स्तर पर चिन्हित मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित तथ्य पाए जाने पर नियमानुसार ED को सूचना भेजकर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रकरण आगे बढ़ाया जाएगा।

