टपकेश्वर मंदिर की शोभायात्रा में आसमान से फूल बरसाएंगे हेलीकॉप्टर, जनपद देहरादून के इतिहास में पहली बार हेलीकॉप्टर से बरसेंगे फूल !!

दून में इस बार श्री टपकेश्वर महादेव सेवादल की 21वीं शोभायात्रा भव्य तरीके से आयोजित होगी। सहारनपुर चौक, घंटाघर और गढ़ी चौक पर इस शोभायात्रा पर हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश की जाएगी। इसके लिए सहस्रधारा हेलीपैड से हेलीकॉप्टर तीन बार उड़ान भरेंगे। इस दौरान 45 से अधिक झांकियां और बैंड भी शामिल किए जाएंगे।

पलटन बाजार में हुई प्रेसवार्ता में श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर के श्रीमहंत कृष्णा गिरी महाराज ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह शोभायात्रा 9 अगस्त को सुबह दस बजे शिवाजी धर्मशाला सहारनपुर रोड से शुरू होकर शाम छह बजे टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूरी होगी। श्रद्धालु 11 रुद्र रूपों के दर्शन कर सकेंगे। बांके बिहारी वृंदावन और शिवलिंग की झांकी के अतिरिक्त भगवान टपकेश्वर के तीन डोले श्री दूधेश्वर, श्री पतेश्वर, श्री देवेश्वर मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे।

अंतरराष्ट्रीय सुयोग बैंड नागपुर से मौजूदगी दर्ज करवाएगा। पंजाब बैंड सहारनपुर, दून अल्ताफ बैंड, महाराष्ट्र की ढोल पार्टी भी इसकी शोभा बढ़ाएगी। महाकाल उज्जैन की भस्म आरती में डमरु और मृदंग बजाने वाली पार्टी को भी बुलाया गया है। सेवादारों की टोली हर चौराहे पर पुलिस प्रशासन के साथ ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करेगी। यह शोभायात्रा अपराह्न तीन बजे तक शहर के आंतरिक हिस्सों में ही रहेगी। जब स्कूलों की छुट्टी के बाद बच्चे और अभिभावक घर पहुंच चुके होंगे, उसके बाद यह घंटाघर से बाहर निकलकर चकराता रोड होकर गढ़ी कैंट की ओर बढ़ेगी।