जौलीग्रांट एयरपोर्ट विस्तार: अठूरवाला में 4.72 हेक्टेयर सरकारी व निजी भूमि का होगा अधिग्रहण, शासन ने जारी की अधिसूचना !!

जौलीग्रांट हवाई अड्डे के विस्तारीकरण की दिशा में शासन ने बड़ा कदम उठाया है। हवाई अड्डे के विस्तार के लिए देहरादून जिले की डोईवाला तहसील स्थित ग्राम अठूरवाला में कुल 4.7270 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। राज्यपाल की संस्तुति के बाद राजस्व विभाग ने ‘भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013’ की धारा 19(1) के तहत इसकी अंतिम घोषणा (अधिसूचना) जारी कर दी है।

राजस्व सचिव डॉ. सुरेन्द्र नारायण पाण्डे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, हवाई अड्डे का विस्तार एक महत्वपूर्ण लोक प्रयोजन है। इससे पूर्व 17 फरवरी को जारी प्राथमिक अधिसूचना के क्रम में प्रभावित एवं हितबद्ध पक्षों के आक्षेपों की विधिवत सुनवाई और जांच पूरी करने के बाद यह घोषणा की गई है।

अधिग्रहण से जुड़ी प्रमुख बातें:

  • शून्य विस्थापन: इस भूमि अधिग्रहण से किसी भी परिवार के बेघर होने या पुनर्वास की स्थिति नहीं बनेगी। प्रशासन के अनुसार, अर्जन के चलते पुनर्स्थापन के लिए संभावित कुटुंबों की संख्या शून्य दर्ज की गई है।
  • कटेंगे 600 पेड़: चिह्नित भूमि पर कुल 600 वृक्ष मौजूद हैं, जिनमें 179 फलदार और 421 गैर-फलदार पेड़ शामिल हैं।
  • भू-अभिलेखों का अवलोकन: हितबद्ध व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में जिला भूमि अर्जन अधिकारी, देहरादून और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) डोईवाला के कार्यालय में जाकर परियोजना से जुड़े भू-अभिलेख देख सकते हैं।