कोरोनेशन अस्पताल में डीएम का रात में छापा, आईसीयू में बंद मिला एसी, गंदगी और लापरवाही पर फटकार !!

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार रात कोरोनेशन अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान आईसीयू में एसी बंद मिला, स्टॉक रजिस्टर अधूरे पाए गए, वार्डों में गंदगी और कई व्यवस्थागत खामियां सामने आने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले आईसीयू का निरीक्षण किया। यहां एयर कंडीशनर बंद होने से मरीज उमस में इलाज कराने को मजबूर मिले। कई बार सूचना देने के बावजूद एसी चालू नहीं कराने पर पीआरओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, स्टॉक रजिस्टर में 29 जून के बाद दवाओं का कोई विवरण दर्ज नहीं मिला और उपस्थिति रजिस्टर में भी अनियमितताएं पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान पुरुष, महिला, बाल रोग और सर्जरी वार्डों की भी स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। पुरुष वार्ड में एक मरीज को बिना पर्याप्त कारण रेफर किए जाने की तैयारी पर डीएम ने आपत्ति जताई। मरीज को फटा कंबल दिए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी जर्जर कंबलों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

अस्पताल की लिफ्ट में गंदगी, पान की पीक और सीसीटीवी कैमरे का अभाव भी डीएम की नाराजगी का कारण बना। महिला शौचालय में पुरुष यूरिनल लगाए जाने पर भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। निरीक्षण के दौरान सर्जरी वार्ड में एक लावारिस मरीज की गंभीर हालत देखकर जिलाधिकारी ने तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मरीज का शुगर स्तर बेहद कम था और उसके आसपास गंदगी फैली हुई थी। डीएम के हस्तक्षेप के बाद मरीज का तुरंत उपचार शुरू कराया गया।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की संयुक्त समिति बनाकर पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। साथ ही अस्पताल की सभी कमियों को तत्काल दूर करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।