धामी सरकार का संवेदनशीलता भरा कदम, रामपुर तिराहा कांड के शय्याग्रस्त राज्य आंदोलनकारियों के सहायकों के लिए ₹20,000 मासिक सहायता को मंजूरी !!

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिवारों के कल्याण की दिशा में एक और ऐतिहासिक एवं संवेदनशील निर्णय लिया है। सरकार ने राज्य आंदोलन के दौरान रामपुर तिराहा कांड में पुलिस की गोलियों से घायल होने के बाद गंभीर रूप से दिव्यांग होकर पूरी तरह शय्याग्रस्त हो चुके राज्य आंदोलनकारियों की समुचित देखभाल और तीमारदारी के लिए ₹20,000 प्रति माह की वित्तीय सहायता (सहायक हेतु) प्रदान करने की सहर्ष स्वीकृति दे दी है।

उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान अपनी शहादत और सर्वोच्च त्याग देने वाले आंदोलनकारियों में से जो वीर योद्धा रामपुर तिराहा कांड में गंभीर रूप से घायल होकर आज पूर्णतया बिस्तर पर हैं, उनकी देखभाल के लिए यह सहायता राशि वरदान साबित होगी। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस योजना का लाभ श्री प्रकाश चन्द्र कान्ति (निवासी- रुड़की, जनपद हरिद्वार) और श्री अमित ओबराय (निवासी- देहरादून) को मिलेगा। गृह अनुभाग-8 द्वारा जारी शासनादेश के मुताबिक, इन विशेष रूप से शय्याग्रस्त आंदोलनकारियों की तीमारदारी और सहायता के लिए प्रत्येक को 20,000 रुपये प्रति माह की धनराशि प्रदान की जाएगी, जिससे उनके जीवन-यापन और स्वास्थ्य देखभाल में सहूलियत मिल सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस जनहितैषी और संवेदनशीलता से परिपूर्ण निर्णय की चौतरफा सराहना हो रही है। राज्य आंदोलनकारियों से जुड़े संगठनों और आम नागरिकों का कहना है कि धामी सरकार ने हमेशा से राज्य की नींव रखने वाले आंदोलनकारियों के सम्मान और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को सर्वोपरि रखा है।