प्रदेश में आगामी 29 मई से शुरू होने जा रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया से पहले राज्य सरकार को बड़े स्तर पर IAS और PCS अधिकारियों की तबादला सूची जारी करनी पड़ सकती है। SIR की प्रक्रिया शुरू होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) यानी जिलाधिकारी तथा ERO और AERO की जिम्मेदारी संभाल रहे ADM व SDM स्तर के अधिकारियों के तबादले के लिए चुनाव आयोग यानी Election Commission of India की अनुमति आवश्यक हो जाएगी। इस कारण से शासन स्तर पर अगले 10 दिनों के भीतर व्यापक प्रशासनिक फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से एक ही जनपद में तैनात और निर्धारित कार्यकाल पूरा कर चुके अधिकारियों को इस सूची में बदला जा सकता है। चर्चा है कि मियाद पूरी कर चुके देहरादून के जिलाधिकारी समेत एक से दो जिलों के DM बदले जा सकते हैं। वहीं, लंबे समय से खाली चल रही ADM देहरादून की एक महत्वपूर्ण कुर्सी पर भी नई तैनाती की संभावना जताई जा रही है, ताकि SIR जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
इधर शासन स्तर पर भी बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। चर्चाओं के अनुसार करीब 70 प्रतिशत विभागों में जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण देखने को मिल सकता है। कई सचिवों के विभाग बदले जाने की संभावना है। जिन विभागों में बड़े बदलाव की चर्चा सबसे अधिक है उनमें लोक निर्माण विभाग (PWD), ऊर्जा विभाग, ऊर्जा आयोग अध्यक्ष पद, स्वास्थ्य, नागरिक उड्डयन, श्रम, शहरी विकास, वित्त और वन विभाग प्रमुख रूप से शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त कुछ अहम विभागों के MD व डायरेक्टर में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
प्रशासनिक गलियारों में इसे आगामी चुनावी एवं प्रशासनिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार SIR शुरू होने से पहले पूरी प्रशासनिक मशीनरी को नए सिरे से संतुलित करना चाहती है, ताकि चुनावी एवं विकास कार्यों में समन्वय बना रहे।

Editor
