प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित उत्तराखंड दौरे को लेकर शासन स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में तय किया गया कि प्रदेश में 20 करोड़ रुपये से अधिक लागत की पूर्ण हो चुकी योजनाओं का विवरण तत्काल उपलब्ध कराया जाए। शासन ने सभी विभागों से ऐसी योजनाओं की सूची मांगी है, जिन्हें प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान लोकार्पण या शिलान्यास के लिए शामिल किया जा सके।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विभिन्न विभाग अपने-अपने प्रस्तावों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
शासन का फोकस उन परियोजनाओं पर है, जो जनता से सीधे जुड़ी हैं और जिनका लाभ बड़े स्तर पर लोगों तक पहुंच रहा है। जल्द ही प्रस्तावों की समीक्षा कर अंतिम सूची तैयार की जाएगी, जिसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं, ताकि प्रधानमंत्री के दौरे को सफल बनाया जा सके।

Editor

