चार धाम यात्रा प्रबंधन की जिम्मेदारी एक बार फिर लोकजीत के कंधों पर, पुलिस मुख्यालय ने एवं कुम्भ 2027 को लेकर भी जारी किया आदेश !!

चारधाम यात्रा 2026 के सफल संचालन को लेकर पुलिस मुख्यालय ने एक बार फिर अहम जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। इस क्रम में यातायात व्यवस्था संभालने में अनुभवी पुलिस अधीक्षक लोकजीत सिंह को फिर से बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, आगामी कुम्भ मेला 2027 को ध्यान में रखते हुए भी विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

पुलिस मुख्यालय के आदेश के तहत पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र के पर्यवेक्षण में चारधाम यात्रा-2026 एवं कुम्भ मेला-2027 के सुचारु संचालन हेतु गठित सेल में आंशिक संशोधन किया गया है। संशोधित आदेश के अनुसार, सरदार पटेल भवन स्थित चारधाम कंट्रोल रूम को और अधिक सुदृढ़ करते हुए अधिकारियों की तैनाती की गई है।

आदेश के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक (यातायात) देहरादून लोकजीत सिंह को एक बार फिर प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ सीओ CBCID ओशिन जोशी, निरीक्षक राकेश गुंसाईं, निरीक्षक राकेश शाह सहित विभिन्न इकाइयों के अधिकारियों को भी चारधाम सेल में शामिल किया गया है। इसके अलावा पीएसी, अभिसूचना और दूरसंचार इकाइयों के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी टीम का हिस्सा बनाया गया है, जिससे यात्रा के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जा सके।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए इस बार विशेष रणनीति पर काम किया जा रहा है। यातायात नियंत्रण, संचार व्यवस्था और जमीनी स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया के लिए कंट्रोल रूम को हाईटेक बनाया जा रहा है।

गौरतलब है कि हर साल चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखंड में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे में अनुभवी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर पुलिस विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि इस बार व्यवस्थाओं को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।