बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ उत्तराखंड में हुई टैक्स फ्री, CM धामी बोले- अधिक से अधिक लोग परिवार सहित देखें !!

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक जीवन और उनके संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने फिल्म की विषयवस्तु और बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक योगदान की सराहना करते हुए इसे प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल प्राकृतिक सौंदर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं भी इसकी विशिष्ट पहचान हैं। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन और उनके विचार देश-दुनिया में लाखों लोगों को प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, संत परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। फिल्म के माध्यम से बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, आध्यात्मिक संदेश और मानव सेवा की भावना को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री की टैक्स फ्री करने की घोषणा के बाद फिल्म को उत्तराखंड में दर्शकों तक पहुंच बनाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। सरकार की ओर से इसे प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।