उत्तराखंड पुलिस महकमे में अगले 10 दिनों के भीतर PPS अधिकारियों की एक और तबादला सूची जारी हो सकती है। विभागीय सूत्रों के अनुसार सेवानिवृत्ति, पदोन्नति और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कई अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) एवं पुलिस उपाधीक्षक (CO) स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव की तैयारी चल रही है।
देहरादून में तैनात ASP विकासनगर (देहात) पंकज गैरोला इसी माह सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके स्थान पर नए अधिकारी की तैनाती की जाएगी। वहीं एसपी सिटी देहरादून प्रमोद कुमार का भी स्थानांतरण संभावित माना जा रहा है। वर्तमान तैनाती पर उनका तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार विधानसभा चुनाव के दौरान तीन वर्ष या उससे अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों को स्थानांतरित किया जाता है।
सूत्रों का कहना है कि हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जिलों में भी ASP स्तर पर आंशिक फेरबदल किया जा सकता है। इसके अलावा अगस्त माह में आईआरबी-द्वितीय में तैनात ASP चक्रधर अंथवाल भी सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिसके चलते वहां भी नई तैनाती की आवश्यकता होगी।
उधर, पूर्व में हुई DPC के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार को वर्तमान चयन वर्ष में साथ ही आगामी / नए चयन वर्ष में वंदना वर्मा, अनुज कुमार और अनुज को ASP रैंक में पदोन्नत किया जाना प्रस्तावित है। पदोन्नति के बाद इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
बात दें कि CO स्तर पर भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग के मानकों के तहत कुछ अधिकारियों को उनके गृह जनपद अथवा पूर्व चुनावी तैनाती वाले जिलों से हटाया जा सकता है।
इसी बीच अगले 10 दिनों में तीन पुलिस उपाधीक्षक सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इनमें राकेश रावत, राजेंद्र सिंह रावत और संजय सिंह गबर्याल शामिल हैं।
इन रिक्तियों को भरने के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) से स्वीकृत तीन निरीक्षकों को एक जुलाई से CO पद पर पदोन्नत किया जाएगा। इनमें नदीम अतहर, राजेश शाह और प्रदीप पंत के नाम शामिल हैं। पदोन्नति के बाद इन अधिकारियों को नई तैनाती मिलेगी।
पुलिस मुख्यालय स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में तबादला एवं तैनाती आदेश जारी किए जा सकते हैं।

Editor

