हरिद्वार जमीन घोटाले में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, IAS अधिकारी के घर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी !!

हरिद्वार नगर निगम जमीन घोटाले की जांच में विजिलेंस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक IAS अधिकारी के आवास समेत कई आरोपियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी जारी है। टीम रुद्रप्रयाग, हरिद्वार के कनखल, लखनऊ और दिल्ली स्थित विभिन्न आरोपियों के आवासों पर तलाशी अभियान चला रही है।

सूत्रों के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के बाद अब विजिलेंस की टीमें महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच कर रही हैं। जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेजों के साथ वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की दिशा तय की जाएगी। विजिलेंस की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में छापेमारी से जुड़े विस्तृत तथ्य और बरामदगी की जानकारी तलाशी पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है।