क्या उत्तराखंड में भाजपा संगठन में जल्द होने जा रहा है बड़ा फेरबदल ?

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा प्रदेश नेतृत्व में फेरबदल के संकेत हैं। उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बने या नहीं, दोनों दशा में इस फेरबदल की संभावनाएं जताई जा रही हैं।

भाजपा के लक्सर विधायक संजय गुप्ता सहित अन्य विधायकों द्वारा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर सीधे भितरघात के आरोप लगाने के बाद पार्टी हाईकमान भी हलचल में है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी हाईकमान इन आरोपों को लेकर गंभीर है।

सूत्रों का कहना है कि उत्तराखंड में प्रदेश व जिले के स्तर पर संगठन में फेरबदल होना तय है। यहां तक की भाजपा उत्तराखंड में अपने कुछ जिलाध्यक्षों व अन्य पदाधिकारियों की भी छुट्टी करने जा रही है।

वहीं दूसरी ओर इन सभी चर्चाओं के बीच प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के नाम से जारी एक फर्जी ट्वीट ने सियासत और पार्टी तथा गैर पार्टी वालों में सनसनी मचा दी। हालात ये हैं कि कांग्रेस के कुछ बड़े नेता तक इसे शेयर करते दिखाई दिए।

लोगों ने इस फर्जी ट्वीट की सत्यता को परखे और पुष्टि के बिना ही धड़ाधड़ फॉरवर्ड भी करना शुरू किया। इससे बीजेपी के भीतर ही नहीं बल्कि पूरी सियासी दुनिया में जबर्दस्त हलचल और खलबली का आलम छा गया।

खुद बीजेपी के नेता लोग पूछे जाने पर इस बाबत कुछ भी बोलने से कन्नी काटने लगे। उनकी समझ में नहीं आ रहा था कि क्या हो गया और क्या हो रहा है।