प्रदेश की बेटियों को सीएम धामी का बड़ा तोहफा: उत्तराखंड पुलिस में महिला आरक्षियों के पद 526 से बढ़ाकर हुए 2,000, जल्द शुरू होगी भर्ती !!

उत्तराखंड की मेधावी और कर्मठ बेटियों के लिए राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक और बेहद सराहनीय कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या को वर्तमान 526 से भारी बढ़ोतरी करते हुए 2,000 किए जाने के प्रस्ताव को अपनी आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इसके तहत 1474 अतिरिक्त पद अन्य संवर्गों एवं शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किये जाएंगे।

इस संबंध में कार्मिक विभाग द्वारा बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार के तथा कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि किए बिना, वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का पृथक प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त पर सहमति व्यक्त की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश –

“प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार निरंतर प्रयासरत है। हमारी सरकार का उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है।”
— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड