राष्ट्रीय खेलों के बाद अब जनता के काम आएंगे स्टेडियम व उपकरण, सरकार ने शुरू की Pay and Play योजना, नाममात्र शुल्क में कर सकेंगे हॉर्स राइडिंग, स्विमिंग, शूटिंग, आइस स्केटिंग, अन्य; शासन ने जारी किया शासनादेश !!

उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के लिए करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए स्टेडियम, खेल परिसर और खरीदे गए अत्याधुनिक खेल उपकरणों का अब आम लोग भी उपयोग कर सकेंगे। राज्य सरकार ने इस संबंध में शासनादेश जारी करते हुए “Pay and Play” योजना को लागू करने की मंजूरी दे दी है।

खेल विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब नाममात्र शुल्क देकर आम नागरिक विभिन्न खेल सुविधाओं और कोर्ट का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके तहत लोग प्रशिक्षकों और इंस्ट्रक्टर की देखरेख में हॉर्स राइडिंग, स्विमिंग, शूटिंग, आइस स्केटिंग, बैडमिंटन समेत कई खेल गतिविधियों का लाभ उठा सकेंगे।

सरकार का मानना है कि राष्ट्रीय खेलों के बाद बने खेल ढांचे और उपकरणों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए यह योजना कारगर साबित होगी। इससे जहां खेल परिसरों का नियमित उपयोग बढ़ेगा, वहीं युवाओं और खेल प्रेमियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं तक पहुंच भी मिलेगी।

शासनादेश में कहा गया है कि खेल विभाग द्वारा संचालित विभिन्न अवस्थापना सुविधाओं और उपकरणों के उपयोग के लिए शुल्क एवं प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी। यह व्यवस्था राष्ट्रीय खेलों के बाद खेल संसाधनों को आम जनता तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।