देहरादून जमीन फर्जीवाड़ा: मुख्य आरोपी नवीन कुमार मित्तल को ईडी ने किया गिरफ्तार, 5 दिन की रिमांड !!

प्रवर्तन निदेशालय (ED), देहरादून ने जमीन फर्जीवाड़े से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 3 सितंबर 2026 को नवीन कुमार मित्तल को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया है। विशेष पीएमएलए अदालत ने आरोपी को 5 दिनों की ईडी हिरासत में भेज दिया है।

जांच में सामने आया कि नवीन मित्तल ने जाली दस्तावेजों के सहारे अपने सह-आरोपियों को जमीन का असली मालिक दर्शाया और निर्दोष खरीदारों को वह जमीन बेच दी।

जमीन की इस फर्जी बिक्री से करीब ₹3.24 करोड़ की अपराध आय प्राप्त हुई। यह रकम सह-आरोपी के नाम से खुले बैंक खाते में जमा कराई गई और बाद में मित्तल के नियंत्रण वाली संस्थाओं में ट्रांसफर कर दी गई।
सीएफएसएल (CFSL) द्वारा मूल बैंक रिकॉर्ड्स की जांच में यह साबित हुआ कि सह-आरोपी के नाम वाला यह बैंक खाता वास्तव में नवीन मित्तल ही संचालित कर रहा था।

बता दें कि ईडी की जांच उत्तराखंड पुलिस द्वारा दर्ज कई प्राथमिकियों पर आधारित है। पुलिस दो मामलों में मित्तल को मुख्य आरोपी और लाभार्थी बताते हुए चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। ईडी भी हुमायूं परवेज, मोहम्मद वकील और मुकेश कुमार गुप्ता के खिलाफ पहले ही अभियोजन शिकायत दर्ज करा चुकी है।

ईडी के अनुसार, नवीन मित्तल लगातार समन की अनदेखी कर रहा था, गवाहों को प्रभावित कर रहा था और अपने रिश्तेदारों को बयान दर्ज कराने से रोक रहा था। उसने नए फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध लेन-देन को वैध साबित करने की कोशिश भी की। अगस्त 2026 में ईडी द्वारा उसके परिसरों पर की गई तलाशी में आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए थे।