LUCC निवेशकों को राहत दिलाने के लिए मैदान में उतरी धामी सरकार, CBI के साथ इन राज्यों में पहुंचे शासन के 3 अधिकारी, करोड़ों की संपत्तियां अटैच कर होगी रकम वापसी की तैयारी !!

उत्तराखंड के निवेशकों की गाढ़ी कमाई वापस दिलाने की दिशा में धामी सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। LUCC कंपनी और उससे जुड़े पदाधिकारियों की संपत्तियों को चिह्नित कर अटैच करने के लिए शासन स्तर पर विशेष जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

जानकारी के अनुसार शासन में तैनात उप सचिव वित्त सुनील सिंह को इस कार्रवाई के तहत लखनऊ भेजा गया है, जबकि संयुक्त सचिव वित्त विजय कुमार को मुंबई में कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उप सचिव के.के. शुक्ला को उत्तराखंड के भीतर LUCC से संबंधित समस्त भूमि और संपत्तियों को अटैच कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

बताया जा रहा है कि इन तीनों अधिकारियों के साथ CBI की टीमें भी विभिन्न स्थानों पर समन्वित कार्रवाई कर रही हैं। कंपनी एवं उससे जुड़े पदाधिकारियों की जमीन और अन्य परिसंपत्तियों की पहचान कर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत अटैच किया जा रहा है।

बता दें कि शासन स्तर पर भी पूरे अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और इसे निवेशकों के हितों की सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।