केंद्र सरकार ने देहरादून में एक और फ्लाईओवर को दी मंजूरी, यहां बनेगा दून का अगला फ़्लाईओवर !!

केंद्र सरकार ने देहरादून में एक और फ्लाईओवर को दी मंजूरी !!

धर्मपुर चौक से हरिद्वार बाईपास को जाने वाली माता मंदिर रोड पर शहरवासियों को अब जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। केंद्र सरकार ने इस सड़क पर 150 मीटर लम्बा फ्लाईओवर मंजूर कर दिया है। यह फ्लाईओवर माता मंदिर रोड पर स्थित रेलवे फाटक पर बनेगा जिससे लोगों को ट्रेन की वजह से बार-बार रुकना नहीं पड़ेगा।

इसके साथ ही केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने राज्य में पांच अन्य सड़कों पर भी फ्लाईओवर परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है। राज्य सरकार ने सीआरआईएफ सेतु बंधन योजना के तहत केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से राज्य की छह सड़कों पर फ्लाईओवर परियोजनाओं की मंजूरी का अनुरोध किया था। लोनिवि के एचओडी की ओर से इस संदर्भ में केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया था।

इस प्रस्ताव को अब केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इन छह परियोजनाओं के लिए कुल 193 करोड़ के करीब का बजट मंजूर किया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के अनु सचिव की ओर से राज्य के मुख्य सचिव को इस संदर्भ में पत्र भेजा गया है। इधर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने कहा कि इन परियोजनाओं की मंजूरी से राज्य के कई शहरों में जाम की समस्या से निजात और आम लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू कराया जाएगा।

फ्लाईओवर के लिए होगा भूमि अधिग्रहण माता मंदिर रोड पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण भी होगा। इसमें आसपास की दुकानें और मकान जद में आ सकते हैं। इसके लिए लोनिवि जल्द सर्वे शुरू कर सकता है।