दिन पर दिन बद से बदत्तर होती जोशीमठ में स्थिति, कल रात फिर गहरी हुई कई घरों की दरारें !!

जोशीमठ क्षेत्र में भू-धंसाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात को फिर कई जगह भू-धंसाव की घटनाएं सामने आईं। बीते 24 घंटों में 44 और भवनों में दरारें आई हैं। लोक निर्माण विभाग का पांच कमरों का विश्राम गृह पूरी तरह से जर्जर हो गया है। शनिवार रात अचानक दरारें बढ़ने से यहां सो रहे पांच से छह मजदूरों को आनन-फानन दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा।

विश्राम गृह की दीवारों में लगातार दरारें बढ़ रही हैं, जिससे यह कभी भी जमींदोज हो सकता है। लोनिवि के ईई सुरेंद्र पटवाल ने बताया कि सिंहधार वार्ड व मनोहर बाग में भी कई मकानों में दरारें बढ़ी हैं।

मनोहर बाग वार्ड के सूरज कपरवाण का कहना है कि खेतों में दरारें लगातार चौड़ी होती जा रही हैं। नगर क्षेत्र में अब तक कुल 826 भवनों में दरारें आ चुकी हैं। सीबीआरआई की टीम की ओर से रविवार को 17 और भवनों को असुरक्षित घोषित किया गया है। इन घरों में भी लाल रंग का निशान लगा दिया गया है।

वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव मंगेश घिल्डियाल रविवार को जोशीमठ पहुंचे और आपदा राहत, बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ नगर पालिका क्षेत्र में भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। वे दोपहर करीब डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर से जोशीमठ पहुंचे।