उत्तराखंड में लैंड यूज बदलवाना होगा आसान व सस्ता, सरकार ने फिर बहाल की 2021 वाली दरें !!

धामी कैबिनेट का बड़ा फैसला, 1 अगस्त 2025 के शासनादेश में किया गया संशोधन वापस; आवासीय, पर्यटन और व्यावसायिक भू-उपयोग परिवर्तन पर मिलेगी राहत

उत्तराखंड में जमीन का लैंड यूज (भू-उपयोग) बदलवाना अब पहले के मुकाबले सस्ता और आसान होगा। राज्य सरकार ने भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए वर्ष 2021 में लागू व्यवस्था को फिर से बहाल करने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इसके तहत 1 अगस्त 2025 को जारी शासनादेश के जरिए बढ़ाई गई दरों को वापस लेते हुए 6 अक्टूबर 2021 की व्यवस्था पुनः लागू की जाएगी।

दरअसल, शासनादेश संख्या 1651 दिनांक 6 अक्टूबर 2021 के तहत महायोजना में निर्धारित विभिन्न भू-उपयोग श्रेणियों के बीच भूमि उपयोग परिवर्तन के लिए सर्किल रेट के प्रतिशत के आधार पर शुल्क निर्धारित किया गया था। इसके बाद दिनांक 1 अगस्त 2025 के माध्यम से इसमें संशोधन करते हुए आवासीय एवं पर्यटन भू-उपयोग में परिवर्तन के लिए भूमि मूल्य के बराबर यानी सर्किल रेट का 100 प्रतिशत तथा व्यावसायिक भू-उपयोग परिवर्तन के लिए भूमि मूल्य का डेढ़ गुना शुल्क निर्धारित कर दिया गया था।

फिर सर्किल रेट के प्रतिशत के आधार पर लगेगा शुल्क

कैबिनेट के फैसले के बाद अब 1 अगस्त 2025 के शासनादेश के संबंधित प्रावधान को तत्काल प्रभाव से समाप्त करते हुए 6 अक्टूबर 2021 की व्यवस्था फिर से लागू होगी। इसके तहत भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क का निर्धारण महायोजना में निर्धारित विभिन्न श्रेणियों के बीच सर्किल रेट के प्रतिशत के आधार पर किया जाएगा। वर्ष 2021 की व्यवस्था में अलग-अलग भू-उपयोग श्रेणियों के बीच परिवर्तन के लिए 10 से 15 प्रतिशत तक शुल्क निर्धारित था। इससे आवासीय, पर्यटन एवं व्यावसायिक उपयोग के लिए भूमि परिवर्तन कराने वाले भू-स्वामियों और विकासकर्ताओं को राहत मिलेगी।

प्राधिकरणों की वित्तीय स्थिति सुधारने पर भी जोर

शासन की ओर से तैयार प्रस्ताव में कहा गया कि 1 अगस्त 2025 के शासनादेश के बाद भू-उपयोग परिवर्तन एवं भू-उच्चीकरण शुल्क के मद में विभिन्न विकास प्राधिकरणों का राजस्व नगण्य रह गया था। इसके चलते प्राधिकरणों के सामने अवस्थापना विकास की नई परियोजनाओं को स्वीकृत करने और संचालित करने में वित्तीय कठिनाइयां आ रही थीं। वहीं, अधिक शुल्क के कारण भू-स्वामियों और विकासकर्ताओं के लिए भी भू-उपयोग परिवर्तन कराना मुश्किल हो रहा था।

सरकार का मानना है कि पुरानी व्यवस्था बहाल होने से नियोजित विकास को गति मिलेगी, निजी निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही विकास प्राधिकरणों को भी अपनी वित्तीय स्थिति बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।