मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में भवन निर्माण एवं विकास उपविधि/विनियम, 2011 के मानकों में शिथिलीकरण प्रदान करने के लिए सक्षम स्तर निर्धारित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इसके तहत पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों और भवन उपयोग की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए भू-खण्ड क्षेत्रफल की सीमा का वर्गीकरण किया जाएगा। विभिन्न श्रेणियों के प्रकरणों में शिथिलीकरण प्रदान करने के लिए अलग-अलग सक्षम स्तर निर्धारित किए जाएंगे, ताकि प्रकरणों का सुगमतापूर्वक एवं समयबद्ध निस्तारण हो सके।
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार भवन निर्माण के मानकों में शिथिलीकरण की कार्यवाही केवल विशेष, अपरिहार्य एवं औचित्यपूर्ण परिस्थितियों में ही की जाएगी। इसके लिए संबंधित विकास प्राधिकरण को अपने बोर्ड की संस्तुति सहित प्रस्ताव शासन को भेजना होगा। साथ ही प्राधिकरण को यह प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा कि संबंधित प्रकरण में वास्तव में अपरिहार्य परिस्थितियां मौजूद हैं और भवन निर्माण के निर्धारित मानकों में शिथिलीकरण दिया जाना अत्यंत आवश्यक है। इस व्यवस्था के लिए पूर्व में जारी शासनादेश में आंशिक संशोधन करते हुए भवन उपयोग एवं भू-खण्ड क्षेत्रफल के आधार पर शिथिलीकरण का स्तर निर्धारित किया गया है।
अब भवन निर्माण के नियमों में शिथिलीकरण देने की सीमा और अधिकार भी स्पष्ट कर दिए गए हैं। इसके तहत कितने प्रतिशत तक की छूट विकास प्राधिकरण का बोर्ड, कितने प्रतिशत तक विभागीय मंत्री स्तर और कितने प्रतिशत तक मंत्रिमंडल (कैबिनेट) के स्तर से दी जा सकेगी, इसे तीन अलग-अलग सक्षम स्तरों में विभाजित किया गया है। इससे शिथिलीकरण के मामलों में निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित होगी।




