धामी सरकार ने युवाओं का वर्दी पहनने का सपना पूरा करने की ओर बढ़ाया एक और कदमगृह विभाग ने 1529 पदों पर भर्ती का अधियाचन UKSSSC को भेजा, जल्द जारी होगी विज्ञप्ति !!

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के रोजगार संबंधी प्रयासों के बीच पुलिस, अग्निशमन और कारागार विभाग में रिक्त पदों को भरने की दिशा में कदम आगे बढ़ाया गया है। उपलब्ध विभागीय आदेशों के अनुसार, कुल 1529 पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधियाचन उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को भेजे गए हैं। अब इन पदों पर भर्ती विज्ञप्ति जारी होने का इंतजार है।

वर्दी पहनकर प्रदेश की सेवा करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह भर्ती प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। प्रस्तावित भर्ती में जनपदीय पुलिस, पीएसी/आईआरबी, अभिसूचना, अग्निशमन और कारागार विभाग के पद शामिल हैं। अधियाचन भेजे जाने के बाद अब आयोग के स्तर पर भर्ती विज्ञप्ति जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़नी है। आवेदन की तारीख, चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी विज्ञप्ति जारी होने पर सामने आएगी।

पुलिस और अग्निशमन विभाग में 1385 पद

उपलब्ध पदवार विवरण के अनुसार, पुलिस और अग्निशमन से जुड़े पदों के दो समूहों में कुल 1385 पद शामिल हैं। इनमें आरक्षी और फायरमैन के 1187 पद हैं, जबकि उप निरीक्षक, प्लाटून कमांडर और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के 198 पद शामिल हैं।

1187 पदों का विवरण

  • आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) — 464 पद
  • आरक्षी जनपदीय पुलिस (महिला) — 238 पद
  • आरक्षी पीएसी/आईआरबी (पुरुष) — 284 पद
  • फायरमैन/अग्निशामक (पुरुष/महिला) — 201 पद

अन्य 198 पदों का विवरण

  • उप निरीक्षक नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला) — 93 पद
  • उप निरीक्षक अभिसूचना (पुरुष/महिला) — 19 पद
  • प्लाटून कमांडर पीएसी/आईआरबी (पुरुष) — 81 पद
  • अग्निशमन द्वितीय अधिकारी — 5 पद

इस तरह से इन दोनों समूहों में कुल 1385 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।

कारागार विभाग में 144 बंदीरक्षकों की भर्ती –

कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग की ओर से पुरुष और महिला बंदीरक्षकों के रिक्त पदों पर भी सीधी भर्ती कराने के लिए अधियाचन भेजा गया है। इसमें पुरुष बंदीरक्षक के 117 और महिला बंदीरक्षक के 27 पद शामिल हैं। इस प्रकार बंदीरक्षक के कुल 144 पदों पर भर्ती का अनुरोध किया गया है।

विभागीय पत्र के अनुसार, पुरुष बंदीरक्षक के 130 पद रिक्त हैं। इनमें से 10 प्रतिशत यानी 13 पद अग्निवीरों के लिए क्षैतिज आरक्षण के तहत अलग रखे जाने हैं। इसके बाद शेष 117 पदों पर सीधी भर्ती कराने का अनुरोध किया गया है।

इसी तरह महिला बंदीरक्षक के 30 रिक्त पदों में से तीन पद अग्निवीरों के लिए निर्धारित किए जाने के बाद शेष 27 पदों पर सीधी भर्ती कराने की बात कही गई है।

इंटरमीडिएट पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

कारागार विभाग के भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार में बंदीरक्षक पद के लिए शैक्षिक योग्यता और आयु सीमा का भी उल्लेख किया गया है। उपलब्ध विवरण के अनुसार, अभ्यर्थी का उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद से इंटरमीडिएट या उसके समकक्ष घोषित परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

बंदीरक्षक पद के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष बताई गई है। आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का प्रावधान है। विस्तृत पात्रता, आवश्यक प्रमाणपत्र और चयन प्रक्रिया की अंतिम जानकारी भर्ती विज्ञप्ति में स्पष्ट होगी।

अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण

विभागीय प्रस्ताव के अनुसार उत्तराखंड राज्याधीन सेवाओं में समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर सेवायोजन के लिए अग्निवीरों को क्षैतिज आरक्षण देने संबंधी नियमावली, 2026 का उल्लेख भी किया गया है।

अब UKSSSC की विज्ञप्ति पर टिकी निगाहें –

धामी सरकार के रोजगार संबंधी प्रयासों के बीच विभिन्न विभागों से भर्ती के अधियाचन आयोग को भेजे जाना नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। पुलिस, अग्निशमन और कारागार विभाग में प्रस्तावित भर्ती से वर्दीधारी सेवाओं में जाने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अवसर मिलने की उम्मीद है।

अब अभ्यर्थियों की निगाह UKSSSC पर है। आयोग की ओर से विज्ञप्ति जारी होने के बाद ही आवेदन की शुरुआत, अंतिम तिथि, आवेदन शुल्क, आरक्षणवार पदों का विवरण, शारीरिक मानक, परीक्षा और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।