पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीं कई महत्वपूर्ण घोषणाएं !!

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस के आधुनिकीकरण, कार्मिकों की सुविधाओं और पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न इकाइयों में रिक्त करीब 1,600 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। पुलिस थानों एवं चौकियों में कर्मचारियों की आवश्यकता को देखते हुए पदों की संख्या और व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।

पुलिस जांच को अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बनाने के लिए विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, थानों के आवश्यक कार्यों के लिए मिलने वाले वार्षिक बजट को चार करोड़ रुपये से बढ़ाकर आठ करोड़ रुपये किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी पुलिस मॉडर्न स्कूलों को बेहतर बनाने, देहरादून में पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल एवं मल्टीस्टोरी बैरक का निर्माण कराने और पुलिस अस्पताल को अपग्रेड करने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि पुलिसकर्मी निश्चिंत होकर पूरे मनोबल के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।

उन्होंने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस बल के साहस, समर्पण और बलिदान को नमन करते हुए सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं अपराधमुक्त उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को दोहराया।