7 से 9 राष्ट्रपति मुर्मू तो 10 नवम्बर गृह मंत्री अमित शाह का देहरादून दौरा, आम जनमानस के काम छोड़ मेहमान मेहमान नवाजी में उलझा शासन प्रशासन !!

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रही हैं, जिसका विस्तृत कार्यक्रम प्रशासन को प्राप्त हो चुका है। राष्ट्रपति सात नवंबर को तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू 7 नवंबर को बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां से एमआई 17 हेलीकॉप्टर से पंतनगर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करने पहुंचेंगी। उसके बाद रात्रि विश्राम के लिए देहरादून रहेंगी और राष्ट्रपति मुर्मू का रात्रि भोजन राजभवन में होगा।

इसके बाद 8 नवंबर को सुबह जीटीसी हेलीपैड से बदरीनाथ धाम के लिए राष्ट्रपति मुर्मू रवाना होंगी। बदरीनाथ धाम में दर्शन और आरती के बाद केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल के दीक्षांत समारोह में शामिल होने जाएंगी। राष्ट्रपति मुर्मू यहां से रात्रि विश्राम के लिए वापस राजभवन लौटेंगी।

फिर वह नौ नवंबर सुबह 9 बजकर 35 मिनट पर पुलिस लाइन में राज्य स्थापना दिवस के मौके पर परेड की सलामी लेंगी और उसके बाद राष्ट्रपति यहां से वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। इस पूरे कार्यक्रम के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा के लिहाज से इस दौरान ट्रैफिक में भी कुछ बदलाव किए जाएंगे उसको लेकर जल्द ही देहरादून पुलिस एडवाइजरी जारी करेगी।

बात करें गृह मंत्री अमित शाह की तो शाह 10 नवम्बर को देहरादून आएंगे। उन्हें ITBP के रेजिंग डे पर बतौर मुख्य अतिथि बुलाया गया है। 1 महीने के अंतराल अमित शाह का यह दूसरा उत्तराखंड दौरा होगा।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नवंबर महीने में दिवाली के आसपास बाबा केदार के दर्शन करने आ सकते हैं। सत्ता के गलियारों में उनके उत्तराखंड आने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

वंही आज से कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी 3 दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। उनका केदारनाथ दर्शन दौरा प्रस्तावित है।

इतने VIP दौरों के बीच आम जनमानस से जूड़े कार्यों की रफ्तार मानो धीमी हो गयी है। शासन से लेकर तमाम जिला प्रशासन के अधिकारी आजकल इन दौरों की तैयारियों व मेहमान नवाजी में उलझे पड़े हैं।