पार्षदों द्वारा सफाई कर्मचारियों के तैनाती प्रकरण में नगर निगम देहरादून ने शुरू किया रिकवरी का मूल्यांकन, नगर आयुक्त ने जारी किया आदेश !!

नगर निगम की ओर से शहर की सफाई में लगाए गए कर्मचारियों के नाम पर करोड़ों के वेतन फर्जीवाड़े में अब कार्रवाई होनी शुरू हो गई है। जांच में फर्जी पाए गए 99 कर्मचारियों के नाम पर जारी किए गए वेतन की रिकवरी की तैयारी कर ली गई है। सीडीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर जल्द दोषियों के नाम सार्वजनिक कर उनके खिलाफ नोटिस जारी कर दिए जाएंगे। प्रकरण में कई जनप्रतिनिधियों के साथ ही सुपरवाइजरों के शामिल होने की आशंका है।

नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून ने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र जारी कर 4 बिंदुओं पर 3 कार्यदिवस के अंदर सूचना मांगी है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि ऐसा ही एक पत्र नगर निगम के अककॉउंट शाखा को भी भेजा गया है। उक्त पत्र में उन जनप्रतिनिधियों के नाम मांगे गए हैं जिन्होंने इन 99 लोगों की तनख्वा समिति के खातों से फर्जी वेरिफिकेशन कर निकाली है। माना जा रहा है कि अगले हफ्ते तक कई जनप्रतिनिधियों के नाम सार्वजनिक कर दिए जाएंगे, जिनके द्वारा उक्त गलत कृत्य किया गया।

जानकारी के अनुसार नगर निगम प्रशासन, निगम में कुछ जनप्रतिनिधियों के लगे ट्रेक्टर की भी गोपनीय जांच कर रहा है। सूत्रों की माने तो 3 से 4 जनप्रतिनिधियों ने सांठगांठ कर अपने एग्रीकल्चर सब्सिडी पर खरीदे गए ट्रैक्टर कमर्शियल कार्य हेतु नगर निगम में कचरा उठवाने हेतु लगवा दिए थे।