NIA की देहरादून में बड़ी दबिश, अमृतपाल व खालिस्तान समर्थक महिला को किया गया गिरफ्तार, पूछताछ जारी !!

वारिस पंजाब दे प्रमुख अमृतपाल की खोजबीन और जांच कर रही नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) उत्तराखंड तक पहुंच गई है। एनआईए ने देहरादून से एक महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि यह महिला काफी समय से अमृतपाल के अभियान से जुड़ी हुई थी।

एनआईए ने महिला से पहले उसके घर पर पूछताछ की व इसके बाद उसे अपने साथ दिल्ली ले गई है। हालांकि, महिला की गिरफ्तारी हुई है या फिर केवल पूछताछ के लिए ले जाया गया है। इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं है।

बताया जा रहा है कि टीम ने राजधानी के एक इलाके से महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस महिला का कनेक्शन अमृतपाल और उसके साथियों से करीब एक साल पुराना बताया जा रहा है। इसे लेकर वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिला अमृतपाल के अभियान को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर कर रही थी। इसी कारण वह एनआईए की नजरों में चढ़ गई। बताया तो यहां तक जा रहा है कि यह महिला अमृतपाल से मिलने के लिए पंजाब भी जा चुकी है।

उसके यहां पर और कितने साथी हैं व किन-किन लोगों से उसके संपर्क हैं, इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है। उधर, एनआईए की इस पूरी कार्रवाई की जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं है। हालांकि, पुलिस सूत्र इस कार्रवाई से इनकार भी नहीं कर रहे हैं। बता दें कि एनआईए और अन्य केंद्रीय एजेंसी ज्यादातर मामलों में स्थानीय पुलिस को शामिल नहीं करती हैं।