चारधाम यात्रा के उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए पुलिस विभाग के अधिकारी लोकजीत सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्हें प्रतिष्ठित SKOCH Award से नवाजा जाएगा। यह सम्मान 28 मार्च 2026 को नई दिल्ली स्थित India Habitat Centre में आयोजित SKOCH के 106 वें शिखर सम्मेलन में प्रदान किया जाएगा।
वर्ष 2024 की चारधाम यात्रा के दौरान सामने आई चुनौतियों से सबक लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया था। आईजी रेंज के अधीन एक विशेष कंट्रोल रूम के गठन का फैसला किया गया, जिसकी जिम्मेदारी लोकजीत सिंह को सौंपी गई। अल्प समय में ही उन्होंने अपनी टीम के साथ कंट्रोल रूम की स्थापना कर व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी थीं।
सरकार, शासन और पुलिस विभाग के लिए वर्ष 2025 की यात्रा को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना बड़ी चुनौती थी। ऐसे में कंट्रोल रूम ने सुनियोजित और सिस्टमेटिक अप्रोच अपनाते हुए कई नवाचार किए। यात्रा के दौरान उत्पन्न विभिन्न परिस्थितियों को डायनामिक तरीके से संभाला गया।
इनमें प्रमुख रूप से धाराली आपदा के दौरान रेस्क्यू कार्यों का समन्वय, पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना तथा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं के समय राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी शामिल रही। इन सभी परिस्थितियों में लोकजीत सिंह ने प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया।
इससे पूर्व भी लोकजीत सिंह को कोविड प्रबंधन के लिए वर्ष 2021 में FICCI Smart Policing Award से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं वर्ष 2024 में चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए राज्यपाल द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक भी प्रदान किया गया था।

Editor

