व्यवसाय सुगमता की दिशा में उत्तराखंड ने एक बार फिर देशभर में अपनी पहचान मजबूत की है। व्यापार सुधार कार्य योजना (BRAP 2024) के अंतर्गत राज्य को टॉप अचीवर्स पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उत्तराखंड को पाँच प्रमुख सुधार श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला है।
नई दिल्ली में आयोजित उद्योग संगम 2025 में यह पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तराखंड सरकार के उद्योग सचिव विनय कुमार पांडे और उद्योग आयुक्त सौरभ गहरवार को यह सम्मान प्रदान किया।

पाँच प्रमुख सुधार क्षेत्र, जिनमें उत्तराखंड रहा अव्वल:
1️⃣ व्यवसाय प्रवेश
2️⃣ निर्माण अनुमति सहायकता
3️⃣ पर्यावरण पंजीकरण
4️⃣ निवेश सहायकता
5️⃣ श्रम विनियमन सहायकता
राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया राज्य का मान
2015 में 23वें स्थान पर रहने वाला उत्तराखंड अब व्यवसाय सुधारों के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। राज्य सरकार ने निवेश और उद्योग से जुड़ी प्रक्रियाओं को पूरी तरह डिजिटल बनाते हुए पारदर्शिता और गति दोनों में उल्लेखनीय सुधार किए हैं।
राज्य में 20 से अधिक विभागों की 200 से ज्यादा सेवाएं अब सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध हैं। इससे निवेशकों को आवेदन से लेकर अनुमोदन तक की प्रक्रिया में तेजी आई है।
उद्योग सचिव विनय शंकर पांडे ने कहा “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और सतत निगरानी में उत्तराखंड ने पाँच सुधार क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। हमारा लक्ष्य राज्य को डिजिटल और पारदर्शी शासन का उत्कृष्ट उदाहरण बनाना है।”
निवेशकों के लिए नई पहल: निवेशकों को बेहतर सहयोग देने के लिए राज्य सरकार ने उत्तराखंड सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्रीज, स्टार्टअप्स एंड एंटरप्रेन्योरशिप (UKE-SPISE) का गठन किया है। यह संस्था निवेशकों को परियोजनाओं से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएगी।

Editor

