राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में 23 से 25 मार्च तक ‘जन-जन की सरकार—4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में मुख्य सचिव की ओर से सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार, इन तीन दिनों में जनपद स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
जिलों में चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर और दिव्यांगजनों के लिए उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा 23 मार्च को सभी जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित कर सूचना विभाग द्वारा सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार और साहित्य वितरण किया जाएगा।
प्रत्येक जिला मुख्यालय पर मैराथन और खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ 23 मार्च की शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिनमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोक नृत्य और लोक गायन की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे होगा, जबकि देहरादून में आयोजित कार्यक्रम को मुख्यमंत्री द्वारा संबोधित किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण भी सभी जनपदों में किया जाएगा।
इसके अलावा तहसील और ब्लॉक स्तर तक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सूचना विभाग द्वारा आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आमंत्रित किया जाएगा।
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लोगों के आवेदन व पंजीकरण की व्यवस्था भी की जाएगी।
युवाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के साथ महिला सशक्तिकरण, पोषण और स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों पर भी विशेष फोकस रहेगा। नागरिकों को डिजिटल और ऑनलाइन सरकारी सेवाओं के उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



Editor

