अब सफारी सूट में नहीं होगी भ्रम की गुंजाइश, खास बैच से पहचाने जाएंगे CM-राज्यपाल सुरक्षा कर्मी

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री और राज्यपाल की सुरक्षा व्यवस्था में अब एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल की CPT (कोर प्रोटेक्शन यूनिट) सुरक्षा में तैनात कर्मियों की पहचान अब और स्पष्ट होगी। इसके लिए विशेष डिजाइन वाले बैच लागू किए गए हैं, जिन्हें सुरक्षा ड्यूटी के दौरान सफारी सूट पर अनिवार्य रूप से पहनना होगा।

अब तक मुख्यमंत्री आवास और राजभवन (लोक भवन) में ड्राइवर से लेकर चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी तक सभी सफारी सूट पहनते थे, जिससे सुरक्षा कर्मियों और अन्य स्टाफ में अंतर करना मुश्किल हो रहा था। इस समस्या को देखते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।

नए बैच 40 मिमी डायमीटर और 4 मिमी मोटाई के होंगे, जो व्हाइट और मैरून मेटल में तैयार किए गए हैं। इन पर स्पष्ट रूप से “Chief Minister’s Security” और “Governor’s Security” अंकित रहेगा, जिससे ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की पहचान तुरंत हो सकेगी।

खास बात यह है कि ये बैच बाजार में उपलब्ध नहीं होंगे। इन्हें केवल पुलिस मुख्यालय के माध्यम से ही संबंधित कर्मियों को आवंटित किया जाएगा, ताकि सुरक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी या दुरुपयोग की संभावना न रहे।

इस नई व्यवस्था से न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी, बल्कि आम लोगों और अधिकारियों के लिए भी सुरक्षा कर्मियों की पहचान करना आसान हो जाएगा।