उत्तराखंड में होमगार्ड विभाग के बढ़ते कदम, IPS केवल खुराना का एक और प्रयास हुआ सफल !!

प्रदेश के 10 जिलों को जल्द मिलेगी होमगार्ड महिला प्लाटून, भर्ती का रास्ता हुआ साफ।

शासन ने होमगार्ड विभाग को भर्ती करवाने के लिए दी मंजूरी।

जुलाई 2023 तक भर्ती प्रक्रिया संपन्न होने की उम्मीद है।

होमगार्ड विभाग के स्थापना दिवस पर छह दिसंबर 2022 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 जिलों में 330 पदों पर महिला होमगार्ड की भर्ती की घोषणा की थी। इसमें ऊधमसिंहनगर, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, उत्तरकाशी और टिहरी जिला शामिल हैं। यहां होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की एक-एक महिला प्लाटून महिला होमगार्ड्स के पदों पर भर्ती की जानी है।

मौजूदा समय में होमगार्ड विभाग में महिला होमगार्ड के 239 पद स्वीकृत हैं, जिसमें से 215 महिला होमगार्ड तैनात हैं। ये महिला होमगार्ड्स देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल जिले में सेवा दे रही हैं। बाकी बचे 10 जिलों में भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

10वीं पास होगी शैक्षिक योग्यता

होमगार्ड में भर्ती होने के लिए महिला अभ्यर्थियों को अब 10वीं पास होना अनिवार्य है। पूर्व में हुई भर्तियों में पर्वतीय जिलों में पांचवीं पास और मैदानी जिलों में आठवीं पास शैक्षिक योग्यता थी।

होमगार्ड जवानों को अब नागरिक पुलिस की तरह वेतन व अन्य सुविधाएं मिलनी शुरू हो गई हैं। ऐसे में होमगार्ड विभाग ने शासन को शैक्षिक नियमों में बदलाव करने के लिए पत्र भेजा है। इसके अलावा पूर्व में जो भर्तियां होती थीं वह ब्लाक स्तर पर होती थी, जिसे अब जिला स्तर पर करने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है।

बता दें कि उत्तराखंड होमगार्ड विभाग में पिछले करीब 6 महीनों में ऐसे कई निर्णय लिए गए हैं, जो होमगार्ड्स को पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाने में सहयोग करेंगे। इसी कड़ी में पहली बार महिला होमगार्ड्स को हथियार प्रशिक्षण दिया गया, जिसके तहत 68 महिला होमगार्ड्स का बैच प्रशिक्षित किया गया है। वहीं, इससे पहले ऐसे ही 4 पुरुष होमगार्ड्स के बैच प्रशिक्षित किए जा चुके हैं।