आपदा के बीच राज्यभर में कल से मनेगा सेवा पखवाड़ा, मुख्य सचिव ने आदेश जारी कर जिलाधिकारियों की जिम्मेदारी की तय !!

उत्तराखंड में जहाँ आपदा के कारण जीवन अस्त-व्यस्त हो रखा है, जहां जिला प्रशासन राहत बचाव कार्यों में लगा पड़ा है यहीं इसी बीच उत्तराखंड सरकार ने राज्यभर में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करने का निर्णय लिया है, जो शासन से लेकर जिला प्रशासन को रास नहीं आ रहा है।

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार इस अभियान का नोडल विभाग शहरी विकास विभाग को बनाया गया है। साथ ही सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पर्यटन, धर्मस्व, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सहित अन्य विभाग भी इसमें सहयोग करेंगे।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन द्वारा जारी निर्देशों में जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में प्रभावी कार्ययोजना बनाने और अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

यह होंगी मुख्य गतिविधियां

  1. स्वच्छता अभियान: जिलाधिकारियों को मंत्रियों के साथ समन्वय कर सरकारी दफ्तरों, विद्यालयों, नगर निगम, पंचायत भवन, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों, खेल मैदानों और गांव-गांव में स्वच्छता अभियान चलाने को कहा गया है।
  2. नई योजनाओं का शुभारंभ: इस दौरान विभिन्न नई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा।
  3. बहुद्देशीय शिविर: सभी जिलों में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें नेत्र जांच, रक्तदान शिविर, विकलांगजन सहायता और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी।
  4. अस्पतालों में विशेष जांच: सरकारी अस्पतालों में अलग-अलग स्वास्थ्य जांच शिविर व फल वितरण कार्यक्रम होंगे।
  5. गांधी जयंती पर संकल्प: 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के मौके पर स्वदेशी वस्तुओं और खाद्य पदार्थों को अपनाने का संकल्प लिया जाएगा।
  6. खेल प्रतियोगिताएं: विद्यालयों व महाविद्यालयों में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। Fit India Movement से जुड़ी गतिविधियां और भाषण, निबंध प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।

मुख्य सचिव ने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी अपने स्तर से अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।