रिटायर हो रहे इन अधिकारियों को शिक्षा विभाग देने जा रहा है सर्विस एक्सटेंशन !!

शिक्षा विभाग में अधिकारियों को दो साल का सेवा विस्तार मिल सकता है। इस साल से वर्ष 2025 के बीच 50 से ज्यादा अफसरों के रिटायर होने की वजह से सरकार इस व्यवस्था पर विचार कर रही है। अफसरों की होने वाली कमी के मद्देनजर शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह ने अफसरों को कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इस पर जल्द फैसला हो सकता है।

इसकी पुष्टि करते हुए डीजी शिक्षा बंशीधर तिवारी ने बताया कि सेवा विस्तार का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। अधिकारी के पूरे कार्यकाल की समीक्षा के आधार पर ही सेवा विस्तार मिलेगा। शिक्षा विभाग का प्रशासनिक पिरामिड शीर्ष स्तर पर असंतुलित होने लगा है। इस वर्ष पूर्व माध्यमिक शिक्षा निदेशक आरके कुंवर के साथ ही कई अधिकारी रिटायर हो चुके हैं।

इस साल दिसंबर 2023 तक मौजूदा माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीमा जौनसारी व एससीईआरटी के अपर निदेशक आरडी शर्मा समेत 18 से ज्यादा अफसरों का रिटायरमेंट है। साल 2024 में 15 और वर्ष 2025 में भी करीब इतने ही अधिकारी अपनी रिटायरमेंट की आयु पूरी कर जाएंगे। जहां बड़ी संख्या में शीर्ष अधिकारी रिटायर हो रहे हैं, वहीं फीडिंग कैडर में उच्च पदों के लिए पात्र अधिकारियों की संख्या न के बराबर है। डीजी ने बताया कि अधिकारियों की कमी को दूर करने के लिए फौरी उपाय के रूप में सेवा विस्तार पर विचार किया जा रहा है।