उत्तराखंड सरकार ने पश्चिम एशिया के देशों में बिगड़ती संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए राज्य के प्रवासियों की सुरक्षित वापसी को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कुल 158 प्रवासियों को सुरक्षित भारत लाने के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार, विभिन्न स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर यह जानकारी सामने आई है कि पश्चिम एशिया में रह रहे उत्तराखंड के नागरिकों की स्थिति को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसे में सरकार ने इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
देहरादून से जारी इस निर्देश में गृह विभाग और नई दिल्ली स्थित स्थानीय आयुक्त को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सभी 158 प्रवासियों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार के इस कदम को एहतियातन और संवेदनशील परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Editor

