मसूरी रोड पर ओवरटेक करने के लिए टायर पर चलाई गयी गोली, मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति को लगी, उपचार के दौरान मौत !!

राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह ‘रोड रेज’ की एक सनसनीखेज घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। मसूरी रोड स्थित मालसी क्षेत्र में ओवरटेक को लेकर दो कार सवारों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग तक पहुंच गया। इस दौरान टायर को निशाना बनाकर चलाई गई गोली सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को जा लगी, जिससे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:50 बजे जोहड़ी गांव के पास कंट्रोल रूम को फायरिंग की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में सामने आया कि दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो-एन कार में सवार लोगों के बीच रास्ता न देने को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करते हुए उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान एक गोली पास से गुजर रहे मॉर्निंग वॉक कर रहे सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर ( मुकेश जोशी) को लग गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

फायरिंग के चलते फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कार में सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में फॉर्च्यूनर सवार दो लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। एसएसपी देहरादून सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल जाकर घायलों से जानकारी ली। पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।