प्रधानमंत्री श्री स्कूल (PM SHRI) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार देशभर में PM SHRI स्कूलों के फील्ड निरीक्षण के लिए 137 केंद्रीय नोडल अधिकारियों (CNOs) की नियुक्ति की गई है।
यह निर्णय 31 दिसंबर 2025 को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित 50वीं प्रगति (PRAGATI) बैठक में लिया गया था। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देशित किया कि PM SHRI स्कूलों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की भावना के अनुरूप आदर्श संस्थानों के रूप में विकसित किया जाए। विशेष रूप से 21 सैचुरेशन बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए शिक्षण परिणामों को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही साथ नोडल अधिकारियों को जिलाधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी के साथ साथ प्रदेश के शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों के संग भी बैठक करने के स्पष्ट निर्देश भी जारी किए गए हैं।
केंद्रीय संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी करेंगे निरीक्षण– PM SHRI स्कूलों के निरीक्षण के लिए ऐसी टीमें गठित की जाएंगी, जिनका नेतृत्व केंद्रीय संयुक्त सचिव स्तर या उससे ऊपर के अधिकारी करेंगे। ये अधिकारी जिलों में जाकर योजना के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
आपको बता दें कि इस वक्त उत्तराखंड में कुल 281 PM श्री स्कूल स्थापित हैं। जिनमें से 34 – प्राथमिक, 11 – माध्यमिक, 196 – हाइस्कूल, 27 – केन्दीय विद्यालय व 11 – नवोदय विद्यालय मौजूद है। इन सभी प्रत्येक विद्यालयों पर केंद्र सरकार करोड़ों का बजट अभी तक खर्च कर चुकी है।
उत्तराखंड में इन्हें किया गया नामित
उत्तराखंड के लिए कुल 3 अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है –
- आशीष जोशी (IAS) – नोडल चमोली जनपद
- महेंद्र कुमार (IRSEE) – नोडल देहरादून जनपद
- स्वर्णश्री राजशेखर (IDAS) – नोडल पौड़ी जनपद

Editor

